धर्मशाला, 20 मार्च 2026।
जिला कांगड़ा पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत नगरोटा बगवां में कार्रवाई करते हुए एक नशा तस्कर को 51.92 ग्राम चिट्टा के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार युवक का नाम विशाल कुमार है, जो वार्ड नम्बर-7, गांधीनगर कैम्प, रेलवे लाइन, बटाला, जिला गुरदासपुर, पंजाब का निवासी है और उसकी उम्र 24 साल है।
एसपी कांगड़ा अशोक रत्न ने बताया कि आरोपी को मौके पर ही धर दबोचा गया और उसके विरुद्ध कानूनी कार्यवाही प्रारंभ कर दी गई है। पुलिस थाना नगरोटा बगवां में मामला दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई जारी है।
उन्होंने बताया कि जिला कांगड़ा पुलिस की टीम नशे के खिलाफ गश्त, नाकाबंदी और गुप्त सूचना के आधार पर लगातार गश्त पर थी। इसी दौरान आरोपी कयास्थवाडी रेन शैटलर के भीतर खड़ा पाया गया, जिसके पास चिट्टा थी और वह इसे बेचने की फिराक में था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर 51.92 ग्राम चिट्टा बरामद किया।
एसपी कांगड़ा ने कहा कि नशे के खिलाफ यह अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगा और नशे या अवैध कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।












