नवादा, 25 मार्च।
नवादा जिले के रजौली थाना क्षेत्र के हरदिया पंचायत अंतर्गत सुअरलेटी गांव में बुधवार को जंगली हाथी के हमले में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना ने पूरे इलाके में दहशत फैलाकर मातम का माहौल पैदा कर दिया है।
ग्रामीणों के अनुसार मृतक रोज की तरह गांव के ही नोखी यादव के खटाल से दूध लेने गया था। दूध लेकर वह घर लौट रहा था, तभी जंगल में मौजूद जंगली हाथी ने अचानक उस पर हमला कर दिया। हाथी ने युवक को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए।
बताया जाता है कि मृतक परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। वह अपनी पत्नी, तीन पुत्रों और एक पुत्री को पीछे छोड़ गया। उसकी असामयिक मौत से परिवार के सामने भरण-पोषण का गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है।
ग्रामीणों ने वन विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि क्षेत्र में हाथी के आने की जानकारी होने के बावजूद लोगों को न तो माइकिंग के माध्यम से सतर्क किया गया और न ही नियमित गश्ती की गई। उनका मानना है कि समय रहते चेतावनी मिलती तो यह दर्दनाक हादसा टाला जा सकता था।
घटना स्थल पर जब ग्रामीण पहुंचे तो देखा कि नोखी यादव की एक भैंस को भी हाथी ने मार डाला है। पूरे क्षेत्र में भय का माहौल है और लोग शाम ढलते ही घरों में रहने को मजबूर हैं। ग्रामीण प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग कर रहे हैं।












