कोडरमा, 31 मार्च।
जिले के तिलैया थाना क्षेत्र अंतर्गत करमा के अंबाकोला रोड पर स्थित जफीर अंसारी के फर्नीचर गोदाम में मंगलवार की अहले सुबह भीषण आग लग गई, जिससे लाखों रुपये मूल्य का सामान जलकर राख हो गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी, जब सुबह करीब 3 बजे तेज रोशनी और धमाके जैसी आवाज सुनाई दी।
स्थानीय लोगों ने तुरंत जफीर अंसारी को इसकी सूचना दी। उस समय जफीर अंसारी बीती रात एक शादी समारोह में गए हुए थे। सूचना पाते ही वह करमा लौटे। इस बीच, स्थानीय लोगों ने अग्निशमन विभाग को सूचित किया, जिसके बाद मौके पर दो दमकल वाहन पहुंचे। फर्नीचर में लगी आग के कारण दमकल कर्मियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। लगभग चार घंटे की मेहनत के बाद आग पर काबू पाया गया।
गोदाम मालिक जफीर अंसारी ने बताया कि उनके गोदाम में लकड़ी के फर्नीचर, लोहे के अलमीरे, फ्रिज और कूलर सहित कई महंगे फर्नीचर रखे हुए थे, जो पूरी तरह जलकर खाक हो गए। उन्होंने आगजनी में 50 लाख रुपये से अधिक का नुकसान होने की पुष्टि की।
स्थानीय मुखिया पति अनिल यादव ने बताया कि जफीर अंसारी के मकान के ठीक ऊपर से 11 हजार वोल्टेज का हाई टेंशन तार गुजरता है। उन्होंने कहा कि कई बार बिजली विभाग को लिखित सूचना दी गई और तार को मकान के पास से हटाने का अनुरोध किया गया, लेकिन विभाग ने कोई कार्रवाई नहीं की। कुछ लोगों का कहना है कि हाई टेंशन तार पहले से मौजूद था और मकान बाद में बना।
कोडरमा जिले में अक्सर हाई टेंशन तार के पास मकान और दुकान निर्माण की घटनाएं सामने आती हैं, जिससे भविष्य में इस प्रकार की दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।












