अपराध
18 Apr, 2026

मधु विहार में एक करोड़ की चोरी का खुलासा, पांच आरोपी गिरफ्तार

मधु विहार में एक करोड़ रुपये की चोरी का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर सोने-हीरे के गहने, चांदी और नकदी बरामद की है।

नई दिल्ली, 18 अप्रैल।

पूर्वी जिला पुलिस ने मधु विहार क्षेत्र में हुई लगभग एक करोड़ रुपये की बड़ी चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में चोरी का माल खरीदने वाला एक सुनार भी शामिल है। पुलिस ने इनके पास से सोने-हीरे के गहने, चांदी के आभूषण और आठ लाख रुपये नकद बरामद किए हैं।

पुलिस उपायुक्त के अनुसार यह घटना 1 अप्रैल 2026 को आर्य नगर अपार्टमेंट, मधु विहार में सामने आई थी। पीड़ित परिवार 31 मार्च की शाम घर बंद कर बाहर गया था और अगले दिन लौटने पर घर के ताले टूटे हुए पाए गए। अंदर से करीब एक करोड़ रुपये के आभूषण और 12 लाख रुपये नकद गायब थे। इसके बाद मधु विहार थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए स्पेशल स्टाफ और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने 150 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और आरोपियों के भागने के करीब 10 किलोमीटर लंबे मार्ग को ट्रैक किया। तकनीकी निगरानी और सूचना तंत्र की मदद से संदिग्धों की पहचान की गई।

इसके बाद आठ अप्रैल को छापेमारी कर दो मुख्य आरोपियों बबलू उर्फ कलुआ और रामपाल उर्फ रामकुमार को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में मिले सुराग के आधार पर इनके साथी विशाल उर्फ विक्की को 10 अप्रैल को पकड़ा गया। आगे की जांच में चोरी का माल खरीदने वाले सुनार रवि सोनी और एक महिला सहयोगी पिंकी को भी गिरफ्तार किया गया।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी दिन में रेकी कर बंद मकानों को निशाना बनाते थे और रात में ताले तोड़कर नकदी व कीमती सामान चोरी कर लेते थे। चोरी के गहनों को तुरंत सुनार के जरिए बेच दिया जाता था या सुरक्षित स्थानों पर छिपा दिया जाता था। पुलिस के अनुसार आरोपी महंगे शौक और ऐशो-आराम की जिंदगी के लिए इस तरह की वारदातें करते थे।

बरामदगी में लगभग 70 प्रतिशत सोने-हीरे के गहने और 80 प्रतिशत चांदी के आभूषण शामिल हैं। साथ ही आठ लाख रुपये नकद और वारदात में प्रयुक्त औजार भी जब्त किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपियों पर पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

23° / 41°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़