भागलपुर, 16 मई।
भागलपुर जिले में सड़क नेटवर्क को मजबूत और सुचारु बनाने की दिशा में पथ निर्माण विभाग द्वारा लगभग 190 किलोमीटर सड़कों के सुधार और रखरखाव के लिए 126 करोड़ रुपये की निविदा जारी की गई है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए राज्य के पथ निर्माण मंत्री सह बिहपुर विधायक ईं. शैलेंद्र ने शनिवार को बताया कि चयनित एजेंसी को कार्य पूरा करने के बाद अगले 84 महीनों तक सड़कों के नियमित मेंटनेंस की जिम्मेदारी भी दी जाएगी।
इस अवधि में सड़क सुधार, मजबूतीकरण, रोड मार्किंग के साथ-साथ पुलियों और सड़कों पर आकस्मिक स्थिति में जलनिकासी जैसी व्यवस्थाएं भी शामिल रहेंगी।
मंत्री ने बताया कि इस योजना में बिहपुर और गोपालपुर विधानसभा क्षेत्रों सहित पूरे भागलपुर जिले की प्रमुख सड़कें शामिल की गई हैं।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि नारायणपुर प्रखंड के बीरबन्ना से बिहपुर प्रखंड के सोनवर्षा दुमुंही चौक तक की जर्जर सड़क का भी जल्द निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।
मंत्री के अनुसार वर्तमान में इस सड़क का मेंटनेंस कार्य जुलाई तक पूरा होना निर्धारित है, जिसके बाद इसे उच्च गुणवत्ता के साथ पुनर्निर्मित किया जाएगा। इस दौरान मंत्री के साथ उनकी पुत्री कोमल कृति भी उपस्थित रहीं।
ईं. शैलेंद्र ने कहा कि मंत्री पद संभालने के शुरुआती दो दिनों में ही उन्होंने लगभग 20 हजार करोड़ रुपये की योजनाओं पर हस्ताक्षर किए हैं।
नवगछिया भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रो. गौतम ने बताया कि शनिवार को मंत्री ईं. शैलेंद्र दिल्ली में थे, जहां उन्होंने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष, पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष, महासचिव सहित कई शीर्ष नेताओं और केंद्रीय मंत्री तथा सांसदों से मुलाकात कर मार्गदर्शन प्राप्त किया।









