कांकेर, 16 मई।
जिले के पीएमश्री सेजेस नरहरपुर विद्यालय में बच्चों के अधिक से अधिक प्रवेश को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शिक्षकों द्वारा डोर-टू-डोर अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत वे घर-घर जाकर अभिभावकों से संपर्क कर रहे हैं।
इस दौरान शिक्षक पालकों को विद्यालय में उपलब्ध आधुनिक सुविधाओं की जानकारी दे रहे हैं और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की विशेषताओं के बारे में विस्तार से समझा रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक बच्चों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके और वे आधुनिक शिक्षा व्यवस्था से जुड़ सकें।
विद्यालय के प्राचार्य डिलेश्वर साव ने बताया कि पीएमश्री योजना के अंतर्गत स्कूल में स्मार्ट क्लास, डिजिटल शिक्षा व्यवस्था, आधुनिक प्रयोगशालाएं और खेलकूद की सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे छात्रों के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण तैयार किया गया है।
उन्होंने कहा कि इसी उद्देश्य से स्कूल परिवार लगातार अभिभावकों से संपर्क कर रहा है और बच्चों के प्रवेश के लिए प्रेरित कर रहा है, ताकि उन्हें उच्च गुणवत्ता की शिक्षा मिल सके।
इस अभियान के दौरान शिक्षक कामदेव साहू, पीटीआई चंद्रहास यादव, शिक्षिका श्वेता दर्रों और वैशाली सोनी ने नरहरपुर क्षेत्र के विभिन्न घरों में जाकर पालकों से मुलाकात की और विद्यालय की विशेषताओं की जानकारी दी।
शिक्षकों ने बताया कि पीएमश्री स्कूलों में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, जिससे बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा तय हो सके।
इस पूरे अभियान को जिला शिक्षा अधिकारी रमेश निषाद और डीएमसी नवनीत पटेल का निरंतर मार्गदर्शन मिल रहा है। अधिकारियों ने शिक्षकों को अधिक से अधिक बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने और सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रेरित किया है।
स्कूल प्रबंधन ने भी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों का प्रवेश पीएमश्री सेजेस नरहरपुर में कराएं, ताकि उन्हें आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का लाभ मिल सके।










