भोपाल, 15 मई।
मध्य प्रदेश के मंडला जिले की ऐतिहासिक नगरी रामनगर में आयोजित दो दिवसीय आदि उत्सव में केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओरांव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह आयोजन जनजातीय समुदाय की संस्कृति और परंपराओं का सच्चा उत्सव है, जो समाज के लिए प्रेरणादायक है।
उन्होंने कहा कि इस उत्सव के माध्यम से पारंपरिक नृत्य, गायन और लोक संस्कृति को बढ़ावा मिलता है तथा यह युवाओं को अपने गौरवशाली इतिहास और सांस्कृतिक जड़ों को समझने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह आयोजन आगे भी इसी तरह निरंतर आयोजित होता रहेगा।
मंत्री ने बताया कि गोंडवाना राजवंश से जुड़े इस ऐतिहासिक स्थल के जीर्णोद्धार के बाद वर्ष 2016 से लगातार आदि उत्सव का आयोजन किया जा रहा है, जिससे जनजातीय गौरव और सांस्कृतिक पहचान को मजबूती मिली है।
उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज के कल्याण के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिनमें प्रधानमंत्री जनजातीय विकास अभियान, आहार अनुदान, छात्रवृत्तियां और उच्च शिक्षा से जुड़े कार्यक्रम शामिल हैं।
कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री ने मेगा स्वास्थ्य शिविर का उद्घाटन किया, जहां विभिन्न स्वास्थ्य जांच और उपचार सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं तथा विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा लोगों का परीक्षण किया गया।
इस अवसर पर कई जनप्रतिनिधियों ने भी स्वास्थ्य शिविर का निरीक्षण किया और ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह की स्वास्थ्य सुविधाओं को अत्यंत उपयोगी बताया।
कार्यक्रम में विभागीय प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया गया, जिसमें जनजातीय संस्कृति, हस्तशिल्प, लोक कला, कृषि और आजीविका से जुड़ी योजनाएं प्रदर्शित की गईं। उपस्थित अतिथियों ने कोदो-कुटकी से बने व्यंजनों का स्वाद लेकर उनकी सराहना की।










.jpg)
.jpg)



