घरेलू शेयर बाजार में आज शुरुआती कारोबार के दौरान तेजी का रुख देखने को मिला। कारोबार की शुरुआत हल्की मजबूती के साथ हुई, लेकिन बाजार खुलते ही बिकवाली का दबाव बनने से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांक कुछ समय के लिए लाल निशान में चले गए। इसके बाद खरीदारों की मजबूत वापसी देखने को मिली और लिवाली के सहारे दोनों सूचकांकों ने तेजी से रिकवरी कर ली तथा फिर से हरे निशान में पहुंच गए। सुबह 10 बजे तक के कारोबार के बाद सेंसेक्स 0.46 प्रतिशत और निफ्टी 0.52 प्रतिशत की बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे।
सुबह 10 बजे तक के कारोबार में दिग्गज शेयरों में टीएमपीवी, इंफोसिस, टेक महिंद्रा, कोल इंडिया और टीसीएस के शेयरों में 5.28 प्रतिशत से लेकर 2.01 प्रतिशत तक की मजबूती दर्ज की गई। वहीं दूसरी ओर हिंडाल्को इंडस्ट्रीज, रिलायंस इंडस्ट्रीज, एटरनल, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया और अडानी इंटरप्राइजेज के शेयरों में 1.89 प्रतिशत से लेकर 1.03 प्रतिशत तक की गिरावट देखने को मिली।
अब तक के कारोबार में कुल 2,618 शेयरों में सक्रिय ट्रेडिंग रही। इनमें 1,479 शेयर लाभ के साथ हरे निशान में कारोबार करते नजर आए, जबकि 1,139 शेयर नुकसान के साथ लाल निशान में रहे। सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 21 शेयरों में खरीदारी का असर दिखा और वे हरे निशान में बने रहे, जबकि नौ शेयरों में बिकवाली का दबाव देखने को मिला। निफ्टी के 50 शेयरों में से 36 शेयरों में तेजी रही और 14 शेयर गिरावट के साथ कारोबार करते रहे।
बीएसई का सेंसेक्स आज 98.38 अंक की बढ़त के साथ 75,497.10 अंक पर खुला। शुरुआत में ही बिकवाली हावी होने से यह सूचकांक गिरकर 75,251.15 अंक तक लाल निशान में चला गया। इसके बाद खरीदारों की मजबूत एंट्री से बाजार में तेजी लौटी और सेंसेक्स ने रिकवरी करते हुए दोबारा बढ़त पकड़ ली। बीच-बीच में मामूली बिकवाली का दबाव भी देखने को मिला, लेकिन कुल मिलाकर बाजार में तेजी का रुख कायम रहा। सुबह 10 बजे तक सेंसेक्स 345.45 अंक की बढ़त के साथ 75,744.17 अंक पर कारोबार कर रहा था।
निफ्टी ने भी आज 41.80 अंक की मजबूती के साथ 23,731.40 अंक पर शुरुआत की। शुरुआती मिनटों में बिकवाली के चलते यह 23,663.35 अंक तक फिसलकर लाल निशान में आ गया। इसके बाद खरीदारी के दम पर सूचकांक ने तेजी से वापसी की और हरे निशान में पहुंच गया। मुनाफावसूली के कारण बीच-बीच में दबाव बना, लेकिन खरीदारी का रुझान अधिक मजबूत रहा। सुबह 10 बजे तक निफ्टी 123.50 अंक की बढ़त के साथ 23,813.10 अंक पर कारोबार कर रहा था।
पिछले कारोबारी दिन गुरुवार को सेंसेक्स 789.74 अंक यानी 1.06 प्रतिशत की मजबूती के साथ 75,398.72 अंक पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 277 अंक यानी 1.18 प्रतिशत की बढ़त के साथ 23,689.60 अंक पर बंद हुआ था।






.jpg)








