फरीदाबाद, 20 मार्च।
फरीदाबाद की डबुआ कॉलोनी में नवरात्रि के पहले दिन कुट्टू का आटा खाने से करीब 25 लोगों की अचानक तबीयत बिगड़ गई। सभी बीमार लोगों को अलग-अलग निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। सभी लोगों ने एक ही दुकान से आटा खरीदा था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कॉलोनी निवासी पुलकित, माया, प्रीति, जॉनी, कपिल और मोहित समेत कई लोगों ने व्रत खोलने के लिए अपने घर के पास स्थित हरीश नामक दुकानदार से कुट्टू का आटा खरीदा था। रात में सभी ने उसी आटे से पकौड़े बनाकर प्रसाद के रूप में सेवन किया और इसके बाद सो गए। देर रात अचानक एक-एक कर सभी की तबीयत बिगड़ने लगी। किसी को तेज पेट दर्द हुआ तो किसी को उल्टी-दस्त की शिकायत शुरू हो गई। कई लोगों को ठंड लगने, बुखार, सिरदर्द और शरीर में दर्द की समस्या भी हुई। देखते ही देखते सभी की हालत बिगड़ती चली गई।
स्थिति गंभीर होने पर सभी मरीजों को तुरंत तान्या नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया। पीड़ितों का कहना है कि उन्होंने कुट्टू के आटे के अलावा कोई अन्य खाद्य पदार्थ नहीं खाया था, जिससे फूड पॉयजनिंग की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना डायल 112 की ईआरवी टीम को भी दी गई।
नर्सिंग होम के डॉक्टर सेवाराम रतन ने बताया कि देर रात लगातार मरीज अस्पताल पहुंचने लगे। करीब 25 लोग उल्टी, दस्त, पेट दर्द और बुखार की शिकायत लेकर आए थे। सभी का प्राथमिक उपचार किया गया, लेकिन कुछ की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बड़े अस्पतालों में रेफर करना पड़ा। डॉक्टर के अनुसार सभी मरीजों ने एक ही स्थान से कुट्टू का आटा खरीदकर खाने की बात कही है। फिलहाल कुछ लोगों की स्थिति में सुधार है, जबकि अन्य का इलाज जारी है।
घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और प्रशासन से मामले की जांच की मांग उठ रही है। डबुआ थाना प्रभारी संग्राम दहिया ने बताया कि अभी तक थाने में इस संबंध में कोई आधिकारिक सूचना नहीं मिली है। सूचना मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।












