भोपाल, 22 मई ।
भोपाल संभागायुक्त संजीव सिंह की अध्यक्षता में शुक्रवार को समय-सीमा पत्रों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें उपार्जन कार्य, जन शिकायतों के निवारण और विभिन्न विभागीय योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि सभी उपार्जन केंद्रों पर गेहूं की खरीदी 28 मई तक हर हाल में पूर्ण की जाए।
बैठक के दौरान संभागायुक्त ने बताया कि समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन की अंतिम तिथि 23 मई से बढ़ाकर 28 मई कर दी गई है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्धारित अवधि में किसानों से सुचारू और व्यवस्थित रूप से उपार्जन कार्य पूरा कराया जाए, ताकि किसी भी कृषक को असुविधा न हो।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में 100 दिनों से अधिक समय से लंबित शिकायतों की विभागवार समीक्षा की गई। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित किया जाए और विभागीय समन्वय को मजबूत करते हुए भोपाल संभाग की रैंकिंग में सुधार लाया जाए।
बैठक में जन स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वालों के खिलाफ सघन जांच अभियान चलाने और दोषियों पर सख्त वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
नगरीय विकास एवं आवास विभाग की समीक्षा के दौरान संभागायुक्त ने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 के प्रावधानों के अनुसार समिति गठन कर प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने और नियमों का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए।
आगामी मानसून को देखते हुए उन्होंने उपायुक्त किरण गुप्ता को सभी संबंधित विभागों की संयुक्त बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए। इस बैठक में जलभराव रोकने, नालों की सफाई और आपदा प्रबंधन की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा कर समय रहते आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने पर जोर दिया गया।






.jpg)







