रामनाथपुरम, 01 मई।
झारखंड की राजधानी रांची के सात वर्षीय बालक इशांग ने समुद्र में लंबी दूरी तय कर असाधारण उपलब्धि हासिल करते हुए विश्व रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज कराया है, जिसमें उसने श्रीलंका से भारत के धनुषकोडी तक की चुनौतीपूर्ण तैराकी पूरी की।
बालक इशांग ने श्रीलंका के तलाईमन्नार से समुद्री तैराकी की शुरुआत करते हुए मात्र 9 घंटे 50 मिनट में लगभग 29 किलोमीटर की दूरी तय कर रामनाथपुरम जिले के धनुषकोडी तक पहुंचकर दुनिया के सबसे कम उम्र और सबसे तेज तैराक का दोहरा रिकॉर्ड स्थापित किया है।
यह साहसिक प्रयास 30 अप्रैल की सुबह करीब 4 बजे शुरू हुआ, जब उसने समुद्र की तेज धाराओं और ऊंची लहरों के बीच लगातार संघर्ष करते हुए दोपहर 1 बजकर 50 मिनट पर भारत की सीमा में प्रवेश किया।
इस पूरी तैराकी यात्रा को टीएसयूएसए संस्था के अधिकृत पर्यवेक्षक की उपस्थिति में संपन्न कराया गया, जिसके बाद उसकी उपलब्धि को मान्यता प्रदान करते हुए संबंधित संस्था द्वारा प्रमाणपत्र भी जारी किया गया है।
इतनी कम उम्र में इस प्रकार का विश्व रिकॉर्ड स्थापित करने के बाद इशांग चर्चा का केंद्र बन गया है और उसकी उपलब्धि को लेकर हर ओर सराहना की जा रही है। रांची में दूसरी कक्षा में अध्ययनरत यह बालक बचपन से ही तैराकी में गहरी रुचि और उत्कृष्ट प्रदर्शन करता रहा है।
अपनी सफलता का श्रेय उसने प्रशिक्षण को देते हुए बताया कि ओपन वॉटर स्विमिंग अकादमी में प्राप्त अभ्यास और मार्गदर्शन ने उसे यह असाधारण उपलब्धि हासिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।









