वाराणसी, 25 मार्च 2026।
उत्तर प्रदेश के वाराणसी में बुधवार को पंचगंगा घाट पर गंगा स्नान के दौरान बिहार निवासी एक युवक डूब गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, बिहार के डेहरी ऑन सोन (सासाराम) के श्याम कुमार (45) अपने दोस्तों के साथ वाराणसी घूमने आए थे। बुधवार की सुबह वे पंचगंगा घाट पर गंगा स्नान के लिए गए। स्नान के दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और वे गहरे पानी में चले गए। इससे वह डूब गए।
घटना होते ही वहां मौजूद दोस्तों ने शोर मचाया और आसपास के लोगों ने पुलिस को तुरंत सूचना दी। कोतवाली पुलिस के पहुंचने पर राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) के गोताखोरों के साथ युवक की खोज शुरू की गई। काफी मशक्कत के बाद गोताखोरों ने युवक का शव गंगा से बाहर निकाला।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और परिजनों को घटना की सूचना दे दी। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। घटना से परिवार में कोहराम मच गया है और पूरे इलाके में शोक का माहौल है।












