पूर्वी सिंहभूम, 25 मार्च।
टेल्को थाना क्षेत्र के थीम पार्क के पास मंगलवार देर रात 18 वर्षीय आदर्श सिंह पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला हुआ, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार उसकी स्थिति चिंताजनक है।
जानकारी के अनुसार, तीन युवकों ने आदर्श सिंह को घेरकर चापड़ से कई वार किए, जिससे उसकी गर्दन और पीठ पर गंभीर चोटें आईं। पूरा हमला पास के सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गया है। शुरुआती जांच में यह मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। आरोप है कि आदर्श सिंह एकतरफा प्रेम करता था, जिससे विवाद हिंसक रूप में सामने आया।
घायल युवक को स्थानीय लोगों की मदद से पहले टाटा मोटर्स अस्पताल ले जाया गया, फिर बेहतर इलाज के लिए टीएमएच में भर्ती कराया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी समेत चार युवकों को हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ जारी है। सूत्रों के अनुसार युवती के कथित प्रेमी फारुक अयान पर हमले की साजिश रचने का शक है।
टेल्को थाना प्रभारी सुरेश प्रसाद ने बताया कि सभी संभावित पहलुओं—प्रेम प्रसंग, आपसी रंजिश और साजिश—को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। पुलिस जल्द ही मामले का पूरा खुलासा करेगी।













