यमुनानगर, 21 मार्च 2026।
यमुनानगर जिले में अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई करते हुए सात वाहनों को जब्त किया और संबंधित लोगों पर लाखों रुपये का जुर्माना लगाया। उपायुक्त प्रीति के निर्देशन में खनन विभाग और जिला प्रशासन मिलकर लगातार निगरानी और कार्रवाई कर रहे हैं।
अधिकारियों ने बताया कि राज्य स्तर पर भी अवैध खनन पर विशेष नजर रखी जा रही है और विभागीय गतिविधियों की समीक्षा नियमित रूप से की जा रही है। संभावित खनन स्थलों पर सतत निगरानी रखी जा रही है ताकि किसी भी अनियमितता को तुरंत रोका जा सके। एसडीएम विश्वनाथ ने कहा कि जिले में अवैध खनन और खनिज परिवहन को रोकने के लिए अभियान लगातार जारी है, जिसमें खनन विभाग, पुलिस और परिवहन विभाग की टीमें सक्रिय रूप से भाग ले रही हैं।
उन्होंने आगे बताया कि 17 से 20 मार्च के बीच संयुक्त कार्रवाई में सात वाहन जब्त किए गए हैं। अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों पर रॉयल्टी, खनिज मूल्य, जुर्माना और पर्यावरण क्षतिपूर्ति सहित कुल 23 लाख 45 हजार रुपये का दंड लगाया गया। इसके साथ ही दो अलग-अलग मामलों में मुकदमें भी दर्ज किए गए।
सहायक खनन अभियंता डॉ. राजेश कुमार ने कहा कि फील्ड निरीक्षण और चेकिंग नियमित रूप से की जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि पुलिस विभाग के सहयोग से कार्रवाई को प्रभावी ढंग से अंजाम दिया जा रहा है। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि अवैध खनन पर किसी भी स्तर पर कोई समझौता नहीं होगा और इस प्रकार की गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।












