मंडी, 25 मार्च।
सेना भर्ती कार्यालय मंडी की वर्ष 2025-26 की अग्निवीर भर्ती रैली तृतीय इंडिया रिजर्व बटालियन पंडोह के ट्रेनिंग ग्राउंड में आयोजित की जा रही है। इस रैली में कुल्लू, मंडी और लाहौल-स्पीति जिलों के 2,959 सीईई उत्तीर्ण कैंडिडेट्स हिस्सा ले रहे हैं।
भर्ती निदेशक एआरओ मंडी कर्नल गौतम निशान्त ने बताया कि 25 मार्च को मंडी जिले के 399 युवाओं ने भर्ती रैली में भाग लिया। भर्ती प्रक्रिया की शुरुआत प्रातः काल 1.6 किलोमीटर दौड़ के साथ हुई। दौड़ के दौरान अभ्यर्थियों में जोश और उत्साह देखते ही बन रहा था। इसमें से 300 अभ्यर्थी दौड़ में सफल हुए और अब वे शारीरिक मापदंड, दस्तावेज़ एवं चिकित्सकीय परीक्षण की अगली प्रक्रिया से गुजरेंगे।
कर्नल गौतम निशान्त ने कहा कि भर्ती पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शिता के साथ संचालित की जा रही है।












