जौनपुर, 30 मार्च।
उत्तर प्रदेश के जौनपुर में मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव के अवसर पर सोमवार को शहर में भव्य कलश यात्रा निकाली गई। यह यात्रा हनुमान घाट स्थित गोमती तट से प्रारंभ होकर गोकुल घाट के कथा स्थल पर जाकर संपन्न हुई।
शोभायात्रा में सैकड़ों महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर हिस्सा लिया। यात्रा चहारसू चौराहा, कोतवाली चौराहा, नवाब यूसुफ रोड, बड़ी मस्जिद, पुरानी बाजार और बेगमगंज चुंगी से होकर गोकुल घाट तक पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया।
यह यात्रा सात दिवसीय श्रीराम कथा के शुभारंभ के अवसर पर आयोजित की गई। गोकुल घाट पर 30 मार्च से 5 अप्रैल तक कथा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें प्रख्यात कथा व्यास दिलीप कृष्ण भारद्वाज महाराज श्रीराम कथा का रसपान कराएंगे।

यात्रा के दौरान शहर में महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों की बड़ी भागीदारी रही, जिससे पूरे क्षेत्र में धार्मिक उत्साह और भक्ति का वातावरण बना रहा।
इस अवसर पर डॉ. वंदना सरकार, विनीता गुप्ता, रजनी गुप्ता, उमा गुप्ता, शशि मौर्या, गीता चौरसिया, डॉ. सरला त्रिपाठी, डॉ. अनीता त्रिपाठी, डॉ. स्वप्निल सिंह, सलोनी निषाद, उमा निषाद, आनंद मिश्र, दिनेश गुप्ता, मनीष गुप्ता और राघवेंद्र दुबे सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।












