वाराणसी, 02 मई।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और पूर्व विधायक अजय राय के स्वास्थ्य को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में गहरी चिंता है। शनिवार को, समर्थकों ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना को लेकर वाराणसी के चेतगंज स्थित सत्ती माता मंदिर परिसर में विशेष हवन पूजन का आयोजन किया। इस मौके पर समर्थकों ने प्रदेश अध्यक्ष की तस्वीर लेकर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सत्ती माता से उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना की।
पार्टी के वाराणसी महानगर अध्यक्ष राघवेन्द्र चौबे ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष के स्वास्थ्य को लेकर पार्टी कार्यकर्ता चिंतित हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष की स्थिति अब स्थिर है और कार्यकर्ताओं तथा समर्थकों की शुभकामनाओं से वह शीघ्र जनसेवा में पुनः जुटने के लिए तैयार हो जाएंगे।
गौरतलब है कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय की तबीयत शुक्रवार शाम अचानक बिगड़ गई थी। घर में बेहोश होने के बाद उन्हें तुरंत मेदांता अस्पताल, लखनऊ में भर्ती कराया गया, जहां वह डॉक्टरों की निगरानी में हैं। पार्टी के स्थानीय नेताओं के अनुसार, खून में सोडियम की कमी के कारण वह बेहोश हो गए थे। हालांकि, अब उन्हें कमजोरी महसूस हो रही है, लेकिन वह चिकित्सकों की निगरानी में हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि शनिवार शाम तक उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल सकती है।











