अमेठी, 20 मई ।
उत्तर प्रदेश के अमेठी जनपद मुख्यालय गौरीगंज बाईपास स्थित मैदान में आयोजित जनसभा में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने कहा कि देश महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक संकट की ओर बढ़ रहा है, लेकिन सरकार जनता की समस्याओं पर ध्यान देने के बजाय उन्हें नजरअंदाज कर रही है।
सभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने मीडिया पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि प्रेस के रुख में बदलाव दिखने लगा है, क्योंकि अब उन्हें लग रहा है कि सरकार की विदाई का समय करीब है। उन्होंने प्रधानमंत्री के इटली दौरे और वहां की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के साथ सामने आए वीडियो का उल्लेख करते हुए कहा कि जब देश महंगाई और बेरोजगारी से जूझ रहा है, तब प्रधानमंत्री विदेश में रील बनाने में व्यस्त हैं।
उन्होंने आगे कहा कि देश में पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं और किसानों के सामने खाद की समस्या खड़ी हो सकती है। राहुल गांधी ने यह भी दावा किया कि ईरान और होर्मुज क्षेत्र में बढ़ते तनाव का असर भारत की अर्थव्यवस्था पर पड़ेगा और आने वाले समय में बड़ा आर्थिक संकट उत्पन्न हो सकता है, जिसका सबसे अधिक प्रभाव गरीबों, किसानों, मजदूरों और युवाओं पर पड़ेगा।
कांग्रेस नेता ने नोटबंदी और जीएसटी को लेकर भी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि इन फैसलों ने छोटे व्यापारियों और मजदूरों को नुकसान पहुंचाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने बड़े उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाने के लिए आम जनता की कमाई को कमजोर किया है।
राहुल गांधी ने भाजपा और आरएसएस पर संविधान और लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने का आरोप लगाते हुए कहा कि चुनाव आयोग, न्यायपालिका और विश्वविद्यालयों पर दबाव बनाकर लोकतंत्र को प्रभावित किया जा रहा है। उन्होंने अमेठी को अपनी कर्मभूमि बताते हुए कहा कि यहां की जनता से उनका संबंध राजनीतिक नहीं बल्कि भावनात्मक और विश्वास का है, जिसे वह हमेशा याद रखेंगे। इस दौरान मंच पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय सहित कई पार्टी नेता मौजूद रहे।




.jpg)







