मुंबई, 09 मई।
मुंबई के अंधेरी रेलवे स्टेशन पर नवीनीकृत उपडाकघर का शनिवार को उद्घाटन किया गया, जिसे ‘जन सेवा कनेक्ट’ योजना के तहत आधुनिक और तकनीकी सुविधाओं से युक्त एक नए सेवा केंद्र के रूप में विकसित किया गया है। इस उद्घाटन कार्यक्रम में केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस उपस्थित रहे।
संचार मंत्रालय के अनुसार, वर्ष 1932-33 में स्थापित अंधेरी आरएस पोस्ट ऑफिस को अब आधुनिक स्वरूप प्रदान किया गया है। इस नवीनीकरण कार्य को योजना एवं वास्तुकला विद्यालय के सहयोग से पूरा किया गया, जिसका उद्देश्य पारंपरिक डाकघरों को नागरिक-केंद्रित आधुनिक सेवा केंद्रों में बदलना है, ताकि लोगों को अधिक तेज, पारदर्शी और सुविधाजनक सेवाएं मिल सकें।
यह उपडाकघर देश के 17 राज्यों में 40 डाकघरों पर लागू किए जा रहे प्रयोगात्मक मॉडल का हिस्सा है। महाराष्ट्र में यह इस प्रकार का पहला और देश में दूसरा डाकघर है, जिसे इस विशेष परियोजना के तहत आधुनिक रूप देकर शुरू किया गया है। अधिकारियों के अनुसार, इस मॉडल को आने वाले समय में अन्य प्रमुख डाकघरों में भी लागू किया जा सकता है।
उद्घाटन अवसर पर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डाक सेवाओं को आधुनिक, पारदर्शी और नागरिक जरूरतों के अनुरूप बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि इंडिया पोस्ट अब केवल पत्र सेवा तक सीमित नहीं है, बल्कि डिजिटल और वित्तीय सेवाओं के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि इंडिया पोस्ट देश के अंतिम छोर तक सेवाएं पहुंचाने में अहम भूमिका निभा रहा है और यह परियोजना महाराष्ट्र में डाक सेवाओं के आधुनिकीकरण की दिशा में एक बड़ा कदम है।
नवीनीकरण के बाद अंधेरी उपडाकघर में आधुनिक ढांचा, डिजिटल सुविधाएं, उन्नत ग्राहक सहायता प्रणाली और तेज सेवा वितरण व्यवस्था विकसित की गई है। इसके साथ ही इसे नया और आकर्षक स्वरूप प्रदान किया गया है ताकि यात्रियों और स्थानीय नागरिकों को बेहतर अनुभव मिल सके। इस अवसर पर एक विशेष स्मारक कवर भी जारी किया गया।
कार्यक्रम में महाराष्ट्र और गोवा सर्कल के वरिष्ठ डाक अधिकारी अमिताभ सिंह सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। साथ ही स्थानीय जनप्रतिनिधि और अन्य गणमान्य लोग भी इस उद्घाटन समारोह में शामिल हुए।








