खड़गपुर, 13 फरवरी।
दक्षिण पूर्व रेलवे के खड़गपुर मंडल की रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने अवैध टिकट कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे 'ऑपरेशन उपलब्ध' में बड़ी सफलता प्राप्त की है। शुक्रवार को जारी एक विज्ञप्ति में इस कार्रवाई की जानकारी दी गई।
बालिचक रेलवे स्टेशन पर की गई छापेमारी में दो किशोरों को हिरासत में लिया गया, जो अवैध रूप से टिकट बुकिंग में शामिल थे। आरपीएफ को 12 फरवरी को बालिचक स्टेशन के आरक्षण काउंटर के पास अवैध टिकट दलाली की सूचना मिली थी। इसके बाद, आरपीएफ की पांसकुरा, बालिचक आउटपोस्ट और सीआईबी खड़गपुर की संयुक्त टीम ने स्टेशन परिसर में घेराबंदी कर निगरानी शुरू की।
इस दौरान आरक्षण काउंटर से बाहर निकलते समय दो किशोरों की गतिविधियां संदिग्ध पाई गईं, जिन्हें रोककर पूछताछ की गई। दोनों किशोर पश्चिम मेदिनीपुर जिले के निवासी हैं और उन्होंने स्वीकार किया कि वे अवैध टिकट बुकिंग में शामिल हैं। तलाशी के दौरान उनके पास दो तत्काल आरक्षण टिकट, दो भरे हुए और दो खाली रेलवे रिक्विजिशन फॉर्म और 650 रुपये नकद बरामद हुए, जिनकी कुल कीमत 4,550 रुपये बताई गई है।
आरपीएफ ने दोनों किशोरों के खिलाफ रेलवे अधिनियम की धारा 143 के तहत मामला दर्ज किया है और उन्हें किशोर न्याय बोर्ड, पश्चिम मेदिनीपुर के समक्ष पेश किया जा रहा है। खड़गपुर रेल मंडल ने यह स्पष्ट किया है कि यात्रियों को पारदर्शी टिकट सुविधा सुनिश्चित करने के लिए ऐसे अभियान जारी रहेंगे।












