गुवाहाटी, 06 मई।
असम में विधानसभा चुनाव 2026 के सफलतापूर्वक संपन्न होने के बाद नई विधानसभा गठन की प्रक्रिया तेज हो गई है। इस क्रम में मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनुराग गोयल ने भारत निर्वाचन आयोग के प्रतिनिधियों के साथ मिलकर नव-निर्वाचित विधायकों की सूची राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य को सौंप दी।
चुनाव परिणामों में भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन ने कुल 102 सीटें हासिल कीं। इसमें भाजपा ने 82 सीटें जीतीं, जबकि असम गण परिषद और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट ने 10-10 सीटों पर जीत दर्ज की। दूसरी ओर कांग्रेस गठबंधन को कुल 21 सीटें मिलीं, जिनमें कांग्रेस के हिस्से 19 सीटें और राइजर दल को 2 सीटें प्राप्त हुईं। ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट को 2 सीटें और तृणमूल कांग्रेस को एक सीट मिली है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने पूरे राज्य में चुनाव प्रक्रिया के शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सफल संचालन में सहयोग देने वाले सभी हितधारकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने मतदाताओं को भी लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए धन्यवाद दिया।
इसके साथ ही जिला निर्वाचन अधिकारियों, रिटर्निंग अधिकारियों, सहायक रिटर्निंग अधिकारियों, बूथ स्तरीय कर्मियों, मतदान और मतगणना कर्मचारियों सहित सभी चुनावी अमले की सराहना की गई। सुरक्षा बलों, असम पुलिस, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल, होम गार्ड, प्रशासनिक विभागों, मीडिया, राजनीतिक दलों, नागरिक संगठनों और एसवीईईपी टीमों के योगदान की भी प्रशंसा की गई।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि चुनाव का सफल आयोजन असम के लोगों और संस्थाओं की लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता को दर्शाता है, जिसने प्रक्रिया को पारदर्शी और शांतिपूर्ण बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।








.jpg)




