धमतरी, 26 मार्च 2026।
चैत्र नवरात्रि की अष्टमी तिथि पर गुरुवार को शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में देवी मंदिरों में आस्था और भक्ति की लहर दिखाई दी। सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी और विधिपूर्वक हवन-पूजन संपन्न हुआ, जिसके बाद भक्तों ने प्रसाद ग्रहण कर माता का आशीर्वाद लिया।
शहर के प्रमुख देवी मंदिरों में आराध्य देवी मां विंध्यवासिनी, गंगरेल की मां अंगारमोती, दंतेश्वरी मंदिर रिसाईपारा, शीतला मंदिर, दुर्गा मंदिर पावर हाउस बठेना वार्ड, काली मंदिर रुद्री रोड गोकुलपुर, रिसाईमाता मंदिर, डाकबंगला वार्ड स्थित काली मंदिर, काली मंदिर सोरिद, हटकेशर स्थित कामना मंदिर, दानीटोला वार्ड शीतला मंदिर, शिव चौक वैष्णव मंदिर, गायत्री मंदिर, बस स्टैंड काली मंदिर और रत्नाबांधा रत्नेश्वरी मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना हुई।
ग्रामीण अंचल में भी भक्ति का उत्साह कम नहीं रहा। पुरूर मौली माता मंदिर, जगतरा समिति दुर्गा मंदिर, कनेरी मां काली मंदिर और आमदी, कुकरेल, भखारा, कोलियारी, भटगांव, सोरम, नवागांव व लोहरसी के देवी मंदिरों में दिनभर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। दर्शन-पूजन का सिलसिला सुबह से देर शाम तक लगातार चलता रहा।

अष्टमी पर हवन की पूर्णाहुति के बाद नौ कन्या भोज का आयोजन किया गया। विभिन्न मंदिरों और घरों में छोटी कन्याओं को आमंत्रित कर खीर, पूड़ी और हलवा का प्रसाद दिया गया। इसके साथ चूड़ी, बिंदी, माला, नेल पॉलिश, रूमाल जैसी श्रृंगार सामग्री और दक्षिणा, श्रीफल भेंट कर उनका आशीर्वाद लिया गया। जिन परिवारों में यह आयोजन अष्टमी पर नहीं हो सका, वे नवमी तिथि पर कन्या भोज करेंगे।
नवरात्रि की नवमी तिथि पर आज शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में जोत-जंवारा का विसर्जन शुभ मुहूर्त में बाजे-गाजे के साथ किया जाएगा। गोकुलपुर वार्ड स्थित शीतला मंदिर और महिमा सागर वार्ड के शीतला मंदिर समेत अन्य देवी स्थलों पर विसर्जन की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं और आयोजन समितियां कार्यक्रम को सफल बनाने में जुटी हैं।












