अयोध्या, 05 जून।
थल सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी शुक्रवार को अपनी अयोध्या यात्रा के दौरान श्रीराम जन्मभूमि मंदिर पहुंचे। वे सेना के एक विशेष हेलीकॉप्टर से श्रीराम कथा पार्क के नजदीक बने हेलीपैड पर उतरे, जहां वरिष्ठ सैन्य और प्रशासनिक अधिकारियों ने उनकी अगवानी की।
रामलला के दरबार में पहुंचकर सेना प्रमुख ने श्रद्धापूर्वक दर्शन-पूजन किए। इस दौरान मंदिर निर्माण कार्य के प्रभारी गोपाल राव ने उनका स्वागत करते हुए उन्हें परिसर के निर्माण कार्यों का अवलोकन भी कराया। जनरल द्विवेदी करीब 35 मिनट तक गर्भगृह में रहे।
रामलला के दर्शन के बाद सेना प्रमुख ने हनुमान गढ़ी जाकर संकटमोचन हनुमान का आशीर्वाद लिया। इसके पश्चात वे अयोध्या कैंट स्थित डोगरा रेजीमेंटल सेंटर पहुंचे, जहां सैन्य परंपराओं के अनुरूप उनका भव्य अभिनंदन किया गया। सेना प्रमुख के इस महत्वपूर्ण दौरे के मद्देनजर स्थानीय प्रशासन ने पूरे क्षेत्र में सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था सुनिश्चित की थी।










