भोपाल, 4 जून ।
दिल्ली के मालवीय नगर स्थित होटल में हुई भीषण अग्निकांड घटना के बाद भोपाल नगर निगम ने शहर में अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं को मजबूत करने के लिए बड़े स्तर पर सघन जांच अभियान शुरू करने का निर्णय लिया है।
महापौर मालती राय ने निगम आयुक्त को नोटशीट जारी कर निर्देश दिए हैं कि नगर निगम सीमा के अंतर्गत आने वाले सभी होटलों की विस्तृत जांच कर अग्नि सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराया जाए।
महापौर ने स्पष्ट किया है कि होटलों में आगजनी जैसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए पर्याप्त अग्निशमन उपकरण, सुरक्षित आपातकालीन निकास मार्ग और सभी आवश्यक सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य रूप से कराया जाएगा।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जिन संस्थानों में अग्नि सुरक्षा संबंधी कमियां पाई जाएं, उन्हें निर्धारित समयसीमा में सुधार करने के लिए बाध्य किया जाए, ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना को रोका जा सके।
यह जांच अभियान केवल होटलों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि स्कूल, कॉलेज, अस्पताल और नर्सिंग होम जैसी सार्वजनिक उपयोग की संस्थाओं में भी अग्नि सुरक्षा व्यवस्था की गहन समीक्षा की जाएगी।
नगर निगम द्वारा इन सभी संस्थानों में उपलब्ध अग्निशमन उपकरणों, आपातकालीन प्रबंधन व्यवस्था और सुरक्षा मानकों की स्थिति का विस्तृत निरीक्षण किया जाएगा।
निगम ने स्पष्ट किया है कि अग्नि सुरक्षा नियमों का पालन नहीं करने वाले संस्थानों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी, साथ ही की गई कार्रवाई की रिपोर्ट 15 दिनों के भीतर प्रस्तुत करने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।






.jpg)



