भोपाल, 04 जून।
मध्य प्रदेश के उज्जैन की बेटी दीक्षा कुशवाह ने 22 मिनट में मात्र 8 मिलीमीटर आकार के चने की 12 दानों पर 12 ज्योतिर्लिंगों की सूक्ष्म पेंटिंग बनाकर वर्ल्ड वाइड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में नाम दर्ज कराया है। इस असाधारण उपलब्धि पर प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दीक्षा को सोशल मीडिया पर बधाई दी।
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि दीक्षा की कला ने प्रदेश और देश का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए बताया कि दीक्षा ने अपने अथक प्रयास और सूक्ष्म कला के जरिए विश्व कीर्तिमान स्थापित किया।
उज्जैन के ऋषि नगर निवासी दीक्षा कुशवाह वर्तमान में उत्कृष्ट विद्यालय की 12वीं कक्षा में पढ़ रही हैं और शहर के फ्रीगंज स्थित आर्ट क्लास की छात्रा भी हैं। उन्होंने सूक्ष्म कला में दक्षता पाने के लिए एक वर्ष तक कड़ी मेहनत की और 8 मिमी आकार के चने की दालों पर सटीकता और बारीकी से भगवान शिव के 12 ज्योतिर्लिंग उकेरे।
दीक्षा ने बताया कि 12 ज्योतिर्लिंग बनाने की प्रेरणा उन्हें केदारनाथ, बद्रीनाथ और बाबा महाकाल के दर्शन से मिली। उन्होंने कहा कि इतना छोटा स्थान होने के बावजूद शिवलिंग की आकृतियां बनाना चुनौतीपूर्ण था, जिसके लिए विशेष उपकरणों के साथ धैर्य, स्थिर हाथ और गहन एकाग्रता की आवश्यकता थी। उनके इस प्रयास ने वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने में मदद की और सूक्ष्म कला में उनके कौशल को साबित किया।










