भोपाल, 01 जून ।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि पीएम स्वनिधि योजना ने देशभर के लाखों रेहड़ी-पटरी और पथ विक्रेताओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का काम किया है। इस योजना के माध्यम से छोटे व्यवसायियों को आर्थिक संबल मिलने के साथ सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अवसर भी प्राप्त हुआ है।
सोमवार को सोशल मीडिया के माध्यम से मुख्यमंत्री ने पीएम स्वनिधि योजना के छह वर्ष पूर्ण होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह योजना देश के छोटे व्यापारियों और पथ विक्रेताओं के लिए एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुई है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि योजना से जुड़कर मध्य प्रदेश में अब तक नौ लाख से अधिक पथ विक्रेता लाभान्वित हो चुके हैं। इससे हजारों परिवारों को आर्थिक मजबूती मिली है और स्वरोजगार को बढ़ावा मिला है।
डॉ. यादव ने कहा कि यह योजना केवल वित्तीय सहायता तक सीमित नहीं है, बल्कि आत्मनिर्भरता और सम्मानजनक जीवन की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
इसी क्रम में मुख्यमंत्री ने 22वीं एशियन अंडर-20 एथलेटिक्स चैंपियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले भारतीय खिलाड़ियों को भी बधाई और शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि भारतीय दल ने प्रतियोगिता में 10 स्वर्ण पदकों सहित कुल 19 पदक जीतकर नया इतिहास रचा है, जो पूरे देश के लिए गौरव का विषय है।
मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी प्रतिभा और समर्पण देश का नाम अंतरराष्ट्रीय मंचों पर लगातार रोशन करता रहे, यही शुभेच्छा है।











