भोपाल, 04 जून ।
हलालपुर क्षेत्र के होटलों पर प्रशासन की संयुक्त टीम ने गुरुवार को कार्रवाई करते हुए खाद्य सुरक्षा, फायर सेफ्टी और दस्तावेजों से जुड़ी कई अनियमितताओं का खुलासा किया। जांच के दौरान एक होटल से 12 गैस सिलेंडर जब्त किए गए, जबकि विभिन्न कमियां मिलने पर संबंधित संचालकों को नोटिस जारी किए गए।
एसडीएम बैरागढ़ रविशंकर राय के नेतृत्व में राजस्व, नगर निगम, खाद्य सुरक्षा तथा खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की टीम ने होटल नीना पैलेस, होटल सिटी वॉक और होटल आर.के. रीजेंसी का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर मौके का पंचनामा तैयार किया गया।
कार्रवाई के दौरान होटल सिटी वॉक गैस सिलेंडरों से संबंधित आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके चलते टीम ने 12 गैस सिलेंडर जब्त कर लिए। वहीं खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कई कमियां पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी किए गए।
जांच में फायर सेफ्टी सहित अन्य सुरक्षा मानकों का पालन भी अधूरा पाया गया। अधिकारियों ने संबंधित मामलों में नियमानुसार प्रकरण तैयार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्रशासन ने होटल संचालकों को निर्देश दिए हैं कि सभी आवश्यक दस्तावेज अद्यतन रखें और सुरक्षा व गुणवत्ता से जुड़े मानकों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करें।
संयुक्त निरीक्षण दल में तहसीलदार बैरागढ़ डॉ. हर्ष विक्रम सिंह, फायर ऑफिसर सौरभ पटेल, खाद्य सुरक्षा अधिकारी जगदीश प्रसाद विश्वकर्मा, जगदीश प्रसाद लववंशी, कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी तृणाल जाम्भोलकर सहित अन्य अधिकारी शामिल रहे।






.jpg)



