भोपाल, 4 जून ।
मध्यप्रदेश में निवेश, निर्यात और अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक साझेदारियों को नई दिशा देने के उद्देश्य से आगामी 6 जून को इंदौर में भारत-लैटिन अमेरिका और कैरिबियन (एलएसी) व्यापार-निवेश फोरम 2026 की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी, जिसका शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे।
राज्य में लगातार बढ़ते वैश्विक निवेश अवसरों के बीच यह फोरम सरकार और अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक समुदाय के बीच सहयोग को और मजबूत करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। ग्लोबल इंडिया बिज़नेस फोरम के सहयोग से इंदौर स्थित होटल रेडिसन ब्लू में होने वाले इस आयोजन में लैटिन अमेरिका और कैरिबियन क्षेत्र के 15 देशों के वरिष्ठ राजनयिक प्रतिनिधि शामिल होंगे।
फोरम में विभिन्न देशों के राजदूत, एक उच्चायुक्त और एक महावाणिज्यदूत सहित 350 से अधिक प्रतिनिधियों की सहभागिता होगी, जिनमें निवेशक, निर्यातक, उद्योग जगत के प्रतिनिधि, व्यापार आयुक्त, एमएसएमई क्षेत्र के विशेषज्ञ तथा वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी शामिल रहेंगे। इसके साथ ही चार प्रमुख वाणिज्य एवं उद्योग मंडल भी इस कार्यक्रम में भाग लेंगे।
राज्य सरकार के अनुसार मध्यप्रदेश उद्योगों के लिए अनुकूल नीतियों, बेहतर अधोसंरचना और तेज निर्णय प्रक्रिया के कारण अंतरराष्ट्रीय निवेशकों के बीच तेजी से अपनी पहचान मजबूत कर रहा है, जिसके चलते यह फोरम भारत और एलएसी देशों के बीच व्यापार एवं निवेश सहयोग को और अधिक सुदृढ़ करेगा।
आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2025-26 में मध्यप्रदेश से लैटिन अमेरिका एवं कैरिबियन क्षेत्र को लगभग 4,186 करोड़ रुपये का निर्यात दर्ज किया गया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में करीब 12.6 प्रतिशत अधिक है, जिसमें फार्मा क्षेत्र का प्रमुख योगदान रहा है और ब्राजील, मैक्सिको तथा चिली प्रमुख निर्यात बाजार बने हुए हैं।
फोरम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव राज्य की औद्योगिक प्रगति और निवेश संभावनाओं पर संबोधन देंगे तथा भारत एलएसी विशेष संस्करण का विमोचन किया जाएगा, साथ ही विभिन्न देशों के प्रतिनिधि निवेश प्रस्तुतियां देंगे और विनिर्माण एवं सेवा क्षेत्रों में सहयोग पर केंद्रित पैनल चर्चाएं आयोजित होंगी, जिनमें बी2बी और बी2जी बैठकों के माध्यम से प्रत्यक्ष संवाद को बढ़ावा दिया जाएगा।




.jpg)




