भोपाल, 04 जून ।
भोपाल नगर निगम की नई भवन में गुरुवार को लिफ्ट में तकनीकी खराबी आने से एक महिला करीब 20 मिनट तक भीतर फंसी रही। घटना के बाद भवन की सुरक्षा और रखरखाव व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार, 73 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित निगम भवन में महिला अकेले लिफ्ट से जा रही थी। इसी दौरान लिफ्ट अचानक बीच रास्ते में रुक गई। लिफ्ट बंद होते ही महिला घबरा गई और सहायता के लिए आवाज लगाने लगी।
महिला के फंसने की सूचना मिलने पर कर्मचारियों और सुरक्षा कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया। काफी प्रयास के बाद करीब 20 मिनट में लिफ्ट का दरवाजा खोला गया और महिला को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
घटना के बाद भवन में मौजूद लोगों ने सुरक्षा व्यवस्थाओं पर चिंता जताई। महिला का कहना है कि लिफ्ट के भीतर मौजूद आपातकालीन अलार्म और संचार प्रणाली भी सही तरीके से काम नहीं कर रही थी, जिससे परेशानी और बढ़ गई।
नगर निगम अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए लिफ्ट की तकनीकी जांच कराने की बात कही है। अधिकारियों के अनुसार, रखरखाव एजेंसी को नोटिस जारी कर भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न हो, इसके लिए आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे।
करोड़ों रुपये की लागत से बने इस भवन में आम नागरिकों और कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना निगम की जिम्मेदारी है। ऐसे में अब सभी की नजर इस बात पर है कि लिफ्ट रखरखाव और सुरक्षा मानकों को लेकर आगे क्या कदम उठाए जाते हैं।






.jpg)



