बिहार
04 Jun, 2026

बिहार के मुजफ्फरपुर अस्पताल के आईसीयू में आग से चार की मौत, 20 से अधिक झुलसे

मुजफ्फरपुर के प्रसाद अस्पताल के आईसीयू में आग लगने से चार मरीजों की मौत हो गई और 20 से अधिक लोग गंभीर रूप से झुलस गए, राहत और बचाव कार्य जारी है तथा शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट को कारण माना जा रहा है।

मुजफ्फरपुर, 04 जून।

बिहार के मुजफ्फरपुर शहर में स्थित ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र के प्रसाद अस्पताल में गुरुवार तड़के करीब 3 बजे आईसीयू वार्ड में अचानक आग लगने की घटना से हड़कंप मच गया। इस हादसे में अब तक चार मरीजों की जान जा चुकी है, जबकि 20 से अधिक लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं। वरीय पुलिस अधीक्षक ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि मौके पर रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग लगते ही अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई और मरीजों के साथ उनके परिजन चीख-पुकार करने लगे। आईसीयू में भर्ती मरीजों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए राहत और बचाव दल को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा, वहीं कुछ ही देर में पूरे अस्पताल परिसर में घना धुआं फैल गया।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की लगभग एक दर्जन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और तत्काल बचाव कार्य शुरू किया गया। टीम ने अस्पताल के अलग-अलग वार्डों में फंसे मरीजों को बाहर निकालने के लिए खिड़कियां और दरवाजे तोड़कर राहत अभियान चलाया, जिसके बाद घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया।

अग्निशमन विभाग के अधिकारियों के अनुसार सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची तो आईसीयू पूरी तरह धुएं से भर चुका था और कई मरीज गंभीर हालत में फंसे हुए थे, जिन्हें तत्काल बाहर निकाला गया।

प्रशासनिक अधिकारियों के मुताबिक राहत अभियान के दौरान 20 से अधिक लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है, जबकि कई घायलों की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।

प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, जिसके बाद पूरे अस्पताल परिसर को घेरकर साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

अग्निशमन अधिकारियों ने यह भी बताया कि जब उनकी टीम मौके पर पहुंची तो अस्पताल का अधिकांश स्टाफ वहां मौजूद नहीं था, जिससे अस्पताल प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

|
आज का राशिफल

मेष- कहीं रुका हुआ पैसा वसूलने में मदद मिल जाएगी। व्यर्थ प्रपंच में समय नहीं गंवाकर अपने काम पर ध्यान दीजिए। विरोधियों के सक्रिय होने की संभावना है। जमीन जायदाद का लाभ भी हो सकता है। श्रम साध्य कार्यों में सफल होंगे। भय तथा शत्रुहानि की आशंका रहेगी। शुभांक-5-6-7

आज का मौसम

भोपाल

24° / 37°

Light rain

ट्रेंडिंग न्यूज़