ऋषिकेश, 05 जून।
उत्तराखंड राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने ऋषिकेश के भट्टोवाला क्षेत्र में हुई गोलीबारी की घटना पर कड़ा संज्ञान लिया है। उन्होंने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए अपराधियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
अध्यक्ष ने ऋषिकेश एम्स पहुंचकर गोलीबारी में घायल हुए दोनों युवकों का हाल जाना और चिकित्सकों को उनके उपचार में सर्वोत्तम सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अस्पताल में पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें न्याय का पूर्ण आश्वासन भी दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने ऋषिकेश कोतवाली प्रभारी और देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से चर्चा कर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने को कहा।
कुसुम कंडवाल ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मौके से हथियार भी बरामद किए हैं। उन्होंने फरार चल रहे अन्य आरोपियों को भी जल्द से जल्द कानून के दायरे में लाने पर जोर दिया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की शांति भंग करने वालों के प्रति प्रशासन पूरी तरह सख्त है।
सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए महिला आयोग अध्यक्ष ने बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन अभियान को और अधिक तेज करने का आह्वान किया है। उन्होंने ग्रामीण और रिहायशी इलाकों में संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने तथा ‘पुलिस मित्र’ व्यवस्था को सक्रिय बनाने की आवश्यकता जताई है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।














