29 मार्च 2026, भोपाल: राजधानी भोपाल के बैरागढ़ इलाके में एक किराना व्यापारी द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। रविवार तड़के उसका शव उसकी दुकान के अंदर फंदे पर लटका हुआ मिला, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घटनास्थल की तलाशी के दौरान कोई सुसाइड नोट नहीं मिला, जिसके कारण आत्महत्या के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
मृतक की पहचान 41 वर्षीय उमेश कुमार खत्री के रूप में हुई है, जो नीलकंठ कॉलोनी शिव मंदिर के पास रहते थे। वह किराना व्यापार के साथ-साथ एक फाइनेंस कंपनी के लिए रिकवरी का कार्य भी करते थे। उनके भाई ने बताया कि सुबह सबसे पहले उन्होंने ही दुकान में उन्हें फंदे पर लटका देखा। इसके बाद परिजनों और आसपास के लोगों की मदद से उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिवार के अनुसार, उनका वैवाहिक जीवन पहले प्रभावित हो चुका था और वर्ष 2016 में उनका तलाक हो गया था। उनके दो बच्चे हैं, जो वर्तमान में उनकी पत्नी के साथ रहते हैं। परिजनों का कहना है कि बच्चों से दूर रहने के कारण वे मानसिक रूप से परेशान रहते थे, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है और सभी संभावित पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।












