बलरामपुर, 26 मार्च 2026।
जिले में कॉलेज जा रही छात्रा का अपहरण होने का मामला प्रकाश में आया है, जिसके बाद परिजनों ने पुलिस पर कार्रवाई में ढिलाई का आरोप लगाया और बेटी की सुरक्षित वापसी की गुहार लगाई।
जानकारी के अनुसार, रघुनाथनगर थाना क्षेत्र के ग्राम सरना की छात्रा हीना परवीन 20 फरवरी 2026 को कॉलेज के लिए घर से निकली थी। इसी दौरान कुछ लोगों ने उसे जबरन एक पिकअप वाहन में बैठाकर अगवा कर लिया। परिवार का आरोप है कि इस घटना में गांव के कुछ युवकों की संलिप्तता हो सकती है।
परिजनों ने गुरुवार को एसपी को आवेदन देकर मामले की गंभीरता से जांच और आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। आवेदन में विकास साहू, आनंद प्रजापति उर्फ चुम्मालाल और उनके साथियों के नाम का उल्लेख किया गया है। परिजन आशंका जता रहे हैं कि छात्रा को मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले के बैढ़न इलाके में ले जाया गया हो सकता है।
परिवार ने कहा कि लगातार तलाश के बावजूद छात्रा का कोई सुराग नहीं मिला है। उन्होंने प्रशासन से अपेक्षित कार्रवाई की मांग की और बेटी की सुरक्षा के लिए जल्द कदम उठाने की गुहार लगाई। इस घटना से क्षेत्र में आक्रोश का माहौल भी पैदा हो गया है।
रघुनाथनगर थाना प्रभारी दवेंद्र ठाकुर ने बताया कि मामला 20 फरवरी का है और पुलिस जांच में यह प्रेम संबंध से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। उन्होंने कहा कि पूरी जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट की जा सकेगी।











