इस्लामाबाद, 27 मार्च 2026।
पाकिस्तान के बलोचिस्तान प्रांत के झोब और आसपास के इलाकों में गुरुवार रात भूकंप के झटके महसूस किए गए, जिससे लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए। रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 4.2 दर्ज की गई। लोग डर के मारे कुरान की आयतें पढ़ते हुए सड़कों और खुली जगहों पर खड़े रहे।
स्थानीय प्रशासन और बचाव एजेंसियां लगातार स्थिति पर नजर रख रही हैं। झोब से 110 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में भूकंप का केंद्र 12 किलोमीटर की गहराई में स्थित था। हालांकि, किसी भी हिस्से से जानमाल के नुकसान की कोई सूचना नहीं मिली है।
इससे पहले गुरुवार सुबह भी बलोचिस्तान में तेज भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। राष्ट्रीय भूकंप निगरानी केंद्र ने बताया कि इस बार रिक्टर पैमाने पर इसकी तीव्रता 4.6 मापी गई। भूकंप का केंद्र बारखान से लगभग 55 किलोमीटर उत्तर में 92 किलोमीटर की गहराई पर था।
स्थानीय लोग लगातार सतर्क हैं और प्रशासन ने राहत एवं बचाव कार्यों को सक्रिय रखा है। विशेषज्ञ भी भूकंप की संभावित बादल झटकों पर निगरानी बनाए हुए हैं।












