कोलकाता, 08 मई
उत्तर 24 परगना जिले की बैरकपुर विधानसभा सीट से चुनावी हार के बाद तृणमूल कांग्रेस के पूर्व विधायक और फिल्म निर्माता राज चक्रवर्ती ने सक्रिय राजनीति से अलग होने का ऐलान कर दिया है। गुरुवार रात उन्होंने सोशल मीडिया पर तीन अलग-अलग संदेश जारी कर अपने राजनीतिक सफर के समापन की जानकारी दी।
पहले संदेश में उन्होंने अपने जीवन के विभिन्न अनुभवों का उल्लेख करते हुए लिखा कि जब भी उन्हें कोई जिम्मेदारी सौंपी गई, उन्होंने उसे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाने का प्रयास किया। फिल्म निर्माण के क्षेत्र में रहते हुए उन्होंने अपनी फिल्मों के माध्यम से लोगों के बीच मनोरंजन देने की कोशिश को प्राथमिकता दी।
दूसरे संदेश में उन्होंने वर्ष 2021 में राजनीति में प्रवेश और विधायक के रूप में मिली जिम्मेदारी का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि पिछले पांच वर्षों के दौरान उन्होंने अपनी भूमिका को पूरी ईमानदारी से निभाने का प्रयास किया और अब वर्ष 2026 के साथ उनका राजनीतिक अध्याय समाप्त हो रहा है।
तीसरे संदेश में उन्होंने राज्य के भविष्य को लेकर उम्मीद जताते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल आगे विकास की दिशा में अग्रसर होगा। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि जनता ने अपना निर्णय दे दिया है और नौ मई को नई सरकार शपथ लेगी, जिससे राज्य के विकास को गति मिलने की आशा है।
गौरतलब है कि बैरकपुर सीट से तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार रहे राज चक्रवर्ती को इस चुनाव में भाजपा प्रत्याशी कौस्तब बागची से हार का सामना करना पड़ा था। मतगणना केंद्र से बाहर निकलते समय उन्हें जन आक्रोश का भी सामना करना पड़ा, इस दौरान उन पर कथित रूप से कीचड़ भी फेंका गया था।






.jpg)

.jpg)


