कोलकाता, 08 मई।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के परिणामों के बीच दुर्गापुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र से एक महत्वपूर्ण राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया है, जहां तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार रहे चर्चित व्यवसायी कवि दत्त उर्फ “बाप्पा” ने सक्रिय राजनीति से अलग होने की घोषणा कर दी है।
उन्होंने सोशल मीडिया पर जारी अपने भावुक संदेश में राजनीतिक जीवन से विराम लेने की बात कही। अपने संदेश में उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका लगभग 36 दिनों का राजनीतिक अनुभव अब समाप्त हो गया है और वह इसे पूर्ण मानते हुए आगे नहीं बढ़ेंगे।
कवि दत्त ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनता का निर्णय सर्वोपरि होता है और वे पश्चिम बंगाल की जनता द्वारा दिए गए जनादेश को पूरी विनम्रता के साथ स्वीकार करते हैं। साथ ही उन्होंने नई सरकार को शुभकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त की कि दुर्गापुर सहित पूरा राज्य विकास की दिशा में आगे बढ़ेगा।
अपने संक्षिप्त राजनीतिक अनुभव का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यदि इस दौरान उनसे किसी प्रकार की त्रुटि हुई हो तो वे उसके लिए क्षमाप्रार्थी हैं। उन्होंने अपने समर्थकों, शुभचिंतकों और आम नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता से मिला स्नेह और समर्थन उनके लिए अविस्मरणीय रहेगा।
अपने संदेश के अंत में उन्होंने भावनात्मक रूप से लिखा, “सब अच्छे रहें, सबको अच्छा रखें।” इस घोषणा के बाद राजनीतिक हलकों में हलचल बढ़ गई है और विभिन्न स्तरों पर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। समर्थकों ने सोशल मीडिया पर भावुक प्रतिक्रिया दी है, वहीं राजनीतिक विश्लेषक इसे चुनाव परिणामों के बाद सामने आया महत्वपूर्ण घटनाक्रम मान रहे हैं।



.jpg)


.jpg)

.jpg)


