देहरादून, 08 मई।
भाजपा की प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत ने चंपावत में पांच मई को सामने आए कथित दुष्कर्म प्रकरण को लेकर कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि पूरे मामले को सुनियोजित साजिश के तहत अंजाम दिया गया है और इसका उद्देश्य भाजपा सरकार की छवि को धूमिल करना है।
प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत ने शुक्रवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में कहा कि कांग्रेस नेता आनंद मेहरा लगातार अपने बयानों में परिवर्तन कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग झूठे आरोपों के माध्यम से प्रदेश के माहौल को खराब करने का प्रयास कर रहे हैं।
दीप्ति रावत ने कहा कि विधानसभा चुनाव की तैयारी कर रहे आनंद मेहरा को सकारात्मक राजनीति अपनानी चाहिए, न कि बिना तथ्यों के आधार पर आरोप लगाकर बदनाम करना चाहिए। उन्होंने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष से इस मामले में सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की और प्रकरण में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की भी मांग रखी।
उन्होंने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वे बिना समझे लगातार बयान देते हैं, इसलिए उन्हें इसके लिए माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी भाजपा विधायक अरविंद पांडेय के पत्र को लेकर गलत तरीके से बदनाम करने का प्रयास किया गया। ऐसे कई मामलों में कांग्रेस द्वारा भाजपा की छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई है, लेकिन अब जनता इनके इरादों को समझने लगी है।
भाजपा नेता ने यह भी आरोप लगाया कि कमल रावत सहित कुछ लोग मिलकर षड्यंत्र रच रहे हैं और बच्ची को सिखाकर वीडियो तैयार कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और साजिश में शामिल सभी लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। पत्रकार वार्ता में महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट, लक्ष्मी अग्रवाल और डॉ. दिव्या नेगी भी उपस्थित रहीं।





.jpg)

.jpg)


