नई दिल्ली, 08 मई
पंजाब की राजनीति में भ्रष्टाचार और कानून-व्यवस्था को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुग ने आम आदमी पार्टी की सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पंजाब में साफ-सुथरी राजनीति का दावा करने वालों की असलियत अब सामने आ रही है।
उन्होंने कहा कि जो लोग ईमानदारी का प्रमाणपत्र बांटते थे, आज उनके ही करीबी सहयोगियों के ठिकानों पर जांच एजेंसियों की कार्रवाई हो रही है।
तरुण चुग ने शुक्रवार को मीडिया से बातचीत में आरोप लगाया कि पंजाब की जनता ने बदलाव के नाम पर आम आदमी पार्टी को सत्ता में लाया था, लेकिन आज राज्य की कानून-व्यवस्था पूरी तरह से बिगड़ चुकी है।
उन्होंने आगे कहा कि राज्य में माफिया तत्व मजबूत हो गए हैं और भ्रष्टाचार पूरे प्रशासनिक तंत्र में फैल गया है। उनके अनुसार स्थिति ऐसी है कि दिल्ली से जुड़े लोग और पंजाब से जुड़े नेता दोनों इस व्यवस्था में शामिल हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब को मिलकर दोनों हाथों से लूटा जा रहा है और जनता के संसाधनों का दुरुपयोग किया जा रहा है।
इसी क्रम में उन्होंने एआईएमआईएम अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी की वंदे मातरम पर की गई टिप्पणी पर भी प्रतिक्रिया दी। तरुण चुग ने कहा कि वंदे मातरम डेढ़ सौ वर्षों से अधिक समय से स्वतंत्रता सेनानियों की प्रेरणा रहा है और यह अंग्रेजों के खिलाफ संघर्ष का प्रतीक था।
उन्होंने कहा कि जो लोग वंदे मातरम का विरोध करते हैं, उनकी सोच बौद्धिक रूप से गलत है। उनके अनुसार वंदे मातरम का उच्चारण केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि देश के नागरिकों के लिए गर्व और सम्मान का विषय है।






.jpg)

.jpg)


