जबलपुर, 27 नवंबर।
भाजपा के सेवा दूत अभियान को बूथ स्तर तक प्रभावी बनाने के लिए शुक्रवार को जबलपुर संभागीय कार्यालय में प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल और संगठन महामंत्री चंद्रशेखर ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अभियान की कार्ययोजना, संगठन विस्तार और जनसंपर्क रणनीति पर चर्चा की। इसमें जबलपुर, सागर, रीवा, छिंदवाड़ा और शहडोल संभाग के सेवा दूत तथा विधानसभा समन्वयक शामिल हुए।
हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि संगठन की ताकत कार्यकर्ताओं की प्रतिबद्धता और सेवा भावना में निहित है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर शुरू किया गया अभियान सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के संदेश को लोगों तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा। अगले 25 दिनों में केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं एवं उपलब्धियों को मंडल से बूथ स्तर तक पहुंचाने की योजना है।
अभियान के चार प्रमुख लक्ष्य सेवा, संगठन विस्तार, सकारात्मक संदेश और निष्क्रिय बूथों को सक्रिय करना हैं। प्रदेश के 1313 मंडलों और करीब 71 हजार बूथों तक पहुंचने के लिए सेवा दूत मंडलों में औसतन पांच दिन प्रवास करेंगे। आयुष्मान भारत, सिकल सेल उन्मूलन, टीबी मुक्त भारत, नशामुक्ति, स्वच्छता और दिव्यांगजन सम्मान जैसे विषयों पर जनभागीदारी बढ़ाने के साथ पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने में सहयोग किया जाएगा।
खण्डेलवाल ने देश की आर्थिक प्रगति का उल्लेख करते हुए कार्यकर्ताओं से विकसित भारत के लक्ष्य में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
संगठन महामंत्री चंद्रशेखर ने कहा कि अभियान का उद्देश्य सामाजिक जरूरतों को समझकर स्थानीय स्तर पर सकारात्मक बदलाव लाना है। कार्यकर्ता लोगों से संवाद कर समस्याएं और सुझाव जानें तथा समाधान के लिए पहल करें। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य शिविर, पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण और युवा संवाद जैसी गतिविधियों से समाज को जोड़ने पर जोर दिया।
कार्यशाला में शैलेन्द्र बरुआ ने प्रस्तुति के माध्यम से अभियान की गतिविधियां बताईं। विनोद गोंटिया ने संचालन किया और पंकज टेकाम ने आभार जताया। राहुल कोठारी, गौरव सिरोठिया सहित अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

















