ग्वालियर, 27 नवंबर।
स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए केवल अस्पतालों, चिकित्सा सुविधाओं और बुनियादी ढांचे का विस्तार पर्याप्त नहीं है, बल्कि बीमारियों को पैदा होने से रोकने पर भी विशेष ध्यान देना होगा। प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन से जुड़ी स्वास्थ्य चुनौतियों के बीच शोध और रोकथाम के प्रभावी उपाय जरूरी हैं। यह बात विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने ग्वालियर में आयोजित राष्ट्रीय जनस्वास्थ्य सम्मेलन में कही।
गजराराजा चिकित्सा महाविद्यालय के सामुदायिक चिकित्सा विभाग की ओर से राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय के सभागार में आयोजित सम्मेलन में देशभर से 400 से अधिक विशेषज्ञ, शोधकर्ता, शिक्षक और विद्यार्थी शामिल हो रहे हैं। तोमर ने वैज्ञानिकों से आधुनिक शोध के साथ पारंपरिक भारतीय जीवनशैली और प्रकृति आधारित पद्धतियों का अध्ययन करने की भी अपील की।
उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारें ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के प्रयास कर रही हैं। आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के माध्यम से बीमारी से बचाव के प्रति जागरूकता बढ़ाने की जरूरत है। कोविड महामारी के दौरान भारतीय शोधकर्ताओं द्वारा स्वदेशी टीके विकसित करना देश की वैज्ञानिक क्षमता का उदाहरण रहा।
सम्मेलन में राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अतुल कोटवाल ने कहा कि जनभागीदारी के बिना स्वास्थ्य नीतियों का प्रभावी क्रियान्वयन संभव नहीं है। बदलती जीवनशैली, गैर-संचारी रोगों और जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए प्रमाण आधारित शोध जरूरी है। जीआरएमसी के डीन डॉ. आरकेएस धाकड़ ने भी जनस्वास्थ्य विशेषज्ञों के संयुक्त प्रयासों पर जोर दिया।
कार्यक्रम में डॉ. अशोक मिश्रा को लोक स्वास्थ्य में योगदान के लिए जीवनभर की उपलब्धि सम्मान प्रदान किया गया। सम्मेलन में टीकाकरण, पोषण, मानसिक स्वास्थ्य, डिजिटल स्वास्थ्य, मातृ-शिशु स्वास्थ्य और जलवायु परिवर्तन जैसे विषयों पर शोध प्रस्तुत किए जाएंगे।
















