चित्रकूट, 27 नवंबर।
धार्मिक नगरी चित्रकूट में 21 और 22 दिसंबर को संभावित प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बैठक के लिए 240 से अधिक कमरों की व्यवस्था की आवश्यकता बताई गई है। इसके लिए आरोग्यधाम परिसर को संभावित आयोजन स्थल के तौर पर देखा जा रहा है। तैयारियों की समीक्षा के लिए संभागीय आयुक्त शीलेंद्र सिंह, कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस. और पुलिस अधीक्षक हंसराज सिंह ने चित्रकूट पहुंचकर विकास कार्यों का जायजा लिया।
अधिकारियों ने सड़क, बिजली और सीवर सहित आवश्यक बुनियादी सुविधाओं से जुड़े काम प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए। हालांकि, मंत्रिमंडल की बैठक को लेकर जिला प्रशासन को अभी आधिकारिक सूचना नहीं मिली है।
कलेक्टर ने नगर परिषद कार्यालय में अधिकारियों के साथ बैठक कर निर्माण कार्यों की प्रगति और समय-सीमा की समीक्षा की। उन्होंने सभी परियोजनाओं को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय में पूरा करने और विभागों के बीच समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया। संभावित बैठक को ध्यान में रखते हुए विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। साथ ही श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए सुविधाएं बेहतर बनाने को कहा गया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 16 जनवरी 2024 को ग्रामोदय विश्वविद्यालय में श्रीरामचंद्र पथगमन न्यास की पहली बैठक में शामिल हुए थे। अब करीब 22 महीने बाद उनके मंत्रिमंडल के साथ चित्रकूट आने की संभावना को लेकर तैयारियां की जा रही हैं।
















