ग्वालियर, 27 नवंबर।
ग्वालियर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए विकास कार्य जारी हैं। सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने कहा कि क्षेत्र के प्रत्येक वार्ड में विकास को आगे बढ़ाना और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं देना सरकार की प्राथमिकता है। सर्वांगीण विकास और जनसेवा के उद्देश्य से लगातार काम किया जा रहा है।
मंत्री कुशवाह ने शुक्रवार को वार्ड क्रमांक 54 में सड़क निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। कम्पू थाने के सामने स्थित गली में मुख्यमंत्री अधोसंरचना योजना के तहत 22 लाख रुपये की लागत से डामरीकृत सड़क बनाई जाएगी। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कन्या पूजन कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। सड़क बनने से स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
उन्होंने कहा कि ग्वालियर दक्षिण के सभी वार्डों में जरूरत के अनुसार विकास परियोजनाएं संचालित की जा रही हैं। नागरिकों को अच्छी सड़कें और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए कार्यों को निरंतर गति दी जा रही है। भूमिपूजन कार्यक्रम में स्थानीय नागरिक, जनप्रतिनिधि और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
















