सीहोर, 27 नवंबर।
केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान आज सीहोर जिले के भैरूंदा में 536.23 करोड़ रुपये की सीप-अंबर सिंचाई परियोजना के दोनों चरणों का लोकार्पण करेंगे। इस परियोजना से बुदनी विधानसभा क्षेत्र के भैरूंदा विकासखंड के 76 गांवों में 30,091 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा मिलेगी।
भैरूंदा में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी शामिल होंगे। इस दौरान विकासखंड में 41.44 करोड़ रुपये की लागत से किए गए विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन भी किया जाएगा।
दो चरणों में 76 गांवों को मिलेगा लाभसीप-अंबर परियोजना के पहले चरण से 47 गांवों की 15,284 हेक्टेयर भूमि और दूसरे चरण से 29 गांवों की 14,807 हेक्टेयर कृषि भूमि सिंचित होगी। पहले चरण के लिए 346.12 करोड़ रुपये और दूसरे चरण के लिए 190.11 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई थी।
परियोजना के पहले चरण में 16.57 किलोमीटर और दूसरे चरण में 24.09 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बिछाई गई है। दोनों चरणों का निर्माण 36 महीने की निर्धारित अवधि में पूरा किया गया है। निर्माण एजेंसियों को अनुबंध के अनुसार पांच साल तक संचालन और रखरखाव की जिम्मेदारी भी दी गई है।
भूमिगत पाइपलाइन से खेतों तक पहुंचेगा पानीइस परियोजना में नर्मदा नदी से पानी उठाकर पंप हाउस और भूमिगत दबावयुक्त पाइपलाइन के माध्यम से खेतों तक पहुंचाया जाएगा। इससे पानी के रिसाव और वाष्पीकरण के कारण होने वाली बर्बादी कम होगी।
किसानों को तकनीकी व्यवस्था के अनुरूप स्प्रिंकलर और ड्रिप सिंचाई प्रणाली के माध्यम से फसलों की सिंचाई करने की सुविधा मिलेगी।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सुबह 11:45 बजे भैरूंदा पहुंचेंगे और परियोजना के लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव दोपहर 1:30 बजे भैरूंदा से देवास के लिए रवाना होंगे।
















