भिंड, 27 नवंबर।
भिंड जिले के गोहद में दरवाजा खोलने में हुई मामूली देरी ने एक युवक की जान ले ली। आरोप है कि नशे में पहुंचे जीजा ने विवाद के दौरान पत्थर की पटिया से अपने 19 वर्षीय साले के सिर पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना गुरुवार तड़के गोहद के ऐच्छय रोड स्थित प्रकाश नगर, वार्ड चार में हुई। आरोपित आनंद निगम शादी समारोह से बाइक पर लौटकर करीब रात 2 से 3 बजे अपने ससुराल पहुंचा था।
दरवाजा खुलने में देरी होने से वह नाराज हो गया और अपने साले सूरज जाटव से विवाद करने लगा। कहासुनी बढ़ने पर आरोपित ने कथित तौर पर पत्थर की पटिया से सूरज के सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से सूरज की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपित मौके से भाग गया। पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपित श्यामपुरा गांव का निवासी बताया गया है।
गोहद पुलिस के अनुसार, सूरज के शव का चिकित्स कों ने पोस्टमार्टम किया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मामले में आगे की जांच जारी है।
















