शिवपुरी, 27 नवंबर।
शिवपुरी जिले के करैरा क्षेत्र के सिरसौद गांव के 12 वर्षीय सिद्धांत नीखरा ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। रूस में आयोजित अंतरराष्ट्रीय कृत्रिम बुद्धिमत्ता चुनौती-2026 में 75 से अधिक देशों के 10 हजार से ज्यादा प्रतिभागियों के बीच सिद्धांत ने जूनियर वर्ग में 97.2 प्रतिशत सटीकता हासिल कर फाइनल में प्रवेश किया है। इस प्रतियोगिता के अंतिम चरण तक पहुंचने वाले वह भारत के एकमात्र प्रतिभागी हैं।
इस सफलता के बाद सिद्धांत को 26 नवंबर को रूस में आयोजित विशेष अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया। कार्यक्रम में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, कजाकिस्तान के राष्ट्रपति और अन्य प्रमुख हस्तियां शामिल हुईं। सिद्धांत अपने पिता डॉ. योगेश नीखरा के साथ कार्यक्रम में पहुंचे। सुरक्षा प्रक्रिया के तहत जांच पूरी करने के बाद उन्हें प्रवेश दिया गया।
कार्यक्रम में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के भविष्य, विभिन्न देशों की भूमिका, तकनीक के उपयोग और मानव जीवन में इसके योगदान पर चर्चा हुई। सिद्धांत को रूस और कजाकिस्तान के राष्ट्रपतियों की ओर से उपहार भी मिले, जिनमें चॉकलेट, इलेक्ट्रॉनिक डायरी, एआई स्पीकर और पुस्तक शामिल हैं।
यह प्रतियोगिता पिछले छह वर्षों से आयोजित हो रही है। इसमें तीन आयु वर्गों के साथ व्यक्तिगत और समूह प्रतियोगिताएं होती हैं। सिद्धांत ने जूनियर वर्ग में अपनी तकनीकी समझ का प्रदर्शन करते हुए फाइनल में जगह बनाई। 27 और 28 नवंबर को प्रतियोगिता के विभिन्न सत्रों में उनकी सहभागिता निर्धारित है और 28 नवंबर को साक्षात्कार भी होगा।
सिद्धांत सिरसौद के निवासी हैं और भोपाल के रोहित नगर स्थित एसपीएस स्कूल में कक्षा छह में पढ़ते हैं। उनके पिता और माता दोनों भोपाल स्वास्थ्य विभाग में उपसंचालक हैं। सात दिसंबर को सिद्धांत 12 वर्ष पूरे करेंगे। उनकी उपलब्धि से शिवपुरी और मध्य प्रदेश में खुशी है।
















