शहडोल, 27 नवंबर।
मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने और जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की समय पर देखभाल के लिए शहडोल जिले में कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित ‘मातृ साथी’ कॉलिंग व्यवस्था शुरू की गई है। इसके जरिए गर्भवती महिलाओं से सीधे संपर्क कर उनकी स्वास्थ्य समस्याओं की जानकारी जुटाई जा रही है और जरूरत पड़ने पर उपचार की व्यवस्था की जा रही है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश मिश्रा के अनुसार, कलेक्टर पार्थ जायसवाल और जिला पंचायत सीईओ शिवम प्रजापति के मार्गदर्शन में नवंबर से शुरू पहल के पहले चरण में 9 से 25 नवंबर तक 3,649 महिलाओं को कॉल किए गए। कुल 8,707 कॉल प्रयासों में 2,108 जुड़े और 1,669 महिलाओं से संपर्क हुआ। स्वास्थ्य समस्याओं के 978 प्रकरण सामने आए, जिनमें 885 का उपचार और प्रबंधन पूरा कर बंद किया गया। शेष 93 पर कार्रवाई जारी है।
जनवरी से नवंबर तक मैन्युअल निगरानी में 10,690 उच्च जोखिम वाली महिलाओं से संपर्क किया गया। इनमें कुल 8,936 महिलाओं का सफल उपचार हुआ। एआई व्यवस्था में समस्या की जानकारी मिलने पर संबंधित चिकित्सा अधिकारी को तत्काल सूचना भेजी जाती है, जिससे रेफरल और उपचार में देरी कम हो सके।
नीति आयोग के सहयोग से विकसित इस सॉफ्टवेयर से सिकल सेल से पीड़ित सविता सिंह गौड़ को भी समय पर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां रक्त चढ़ाने के बाद उन्हें स्वस्थ हालत में छुट्टी मिली।

















