नई दिल्ली, 16 मई।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि भारत और नीदरलैंड वैश्विक चुनौतियों से निपटने के लिए भरोसेमंद, पारदर्शी और भविष्य के लिए तैयार आपूर्ति व्यवस्था विकसित करने की दिशा में मिलकर काम कर रहे हैं। उन्होंने यह बात नीदरलैंड के हेग में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए कही, जहां वे अपने पांच देशों के दौरे के दूसरे चरण में पहुंचे थे।
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज दुनिया कोविड महामारी, जारी संघर्षों और ऊर्जा संकट जैसी गंभीर समस्याओं से जूझ रही है। यदि इन चुनौतियों का समय पर समाधान नहीं किया गया तो वैश्विक विकास प्रभावित हो सकता है और बड़ी आबादी गरीबी की ओर बढ़ सकती है। उन्होंने कहा कि 21वीं सदी में भारत अवसरों की धरती बनकर उभर रहा है, जहां तकनीक और मानवीय मूल्यों के साथ विकास को आगे बढ़ाया जा रहा है।
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नीदरलैंड के राजा विलेम-अलेक्जेंडर और रानी मैक्सिमा से भी मुलाकात की। इस दौरान दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों और सहयोग को और मजबूत करने पर चर्चा हुई।










