छत्तीसगढ़
16 May, 2026

चापड़ा कॉलोनी में पानी संकट से हाहाकार, वार्डवासियों ने प्रवेश पर दी चेतावनी

धमतरी की चापड़ा कॉलोनी में गंभीर पेयजल संकट के चलते लोगों ने आक्रोश जताते हुए पोस्टर लगाकर चेतावनी दी है और प्रशासन से तत्काल नियमित जल आपूर्ति की मांग की है।

धमतरी, 16 मई।

नगर निगम क्षेत्र के हटकेश्वर वार्ड क्रमांक एक स्थित चापड़ा कॉलोनी में भीषण गर्मी के बीच पेयजल संकट ने गंभीर रूप ले लिया है। पिछले कई दिनों से अनियमित आपूर्ति और कम दबाव के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हालात से नाराज वार्डवासियों ने पोस्टर लगाकर जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के प्रवेश पर चेतावनी तक जारी कर दी है।

स्थानीय लोगों के अनुसार पिछले लगभग 10 दिनों से कॉलोनी में जल आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह बाधित है। सुबह से लेकर देर शाम तक लोग पानी के लिए बर्तन लेकर कतारों में खड़े रहने को मजबूर हैं। कई घरों तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है, जबकि कुछ स्थानों पर कम दबाव के कारण पर्याप्त जल उपलब्ध नहीं हो रहा है। भीषण गर्मी में पानी की इस किल्लत से लोगों की दैनिक दिनचर्या प्रभावित हो गई है। स्थिति इतनी बिगड़ गई है कि कुछ परिवार मजबूरी में नाले के पास लगे नलों से पानी लेने को विवश हैं, जिससे दूषित जल के कारण बीमारियों का खतरा बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

वार्ड की प्रमिला बाई, जामुन बाई, ईश्वरी बाई साहू सहित अन्य महिलाओं ने बताया कि लोग कई दिनों से गंदा पानी उपयोग करने को मजबूर हैं और घंटों इंतजार के बाद भी पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है। शिकायतों के बावजूद स्थिति में सुधार नहीं होने से लोगों में आक्रोश बढ़ रहा है। सुशीला देवांगन ने कहा कि गर्मी में पानी संकट ने परेशानी कई गुना बढ़ा दी है और यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वार्डवासी आंदोलन करने को बाध्य होंगे।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह समस्या केवल जल संकट तक सीमित नहीं है, बल्कि अब यह स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन चुकी है। दूषित पानी के कारण बीमारी फैलने की आशंका बनी हुई है और सबसे अधिक प्रभाव महिलाएं व बच्चे झेल रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर नियमित और स्वच्छ पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है।

नगर निगम उपायुक्त पीसी सार्वा ने बताया कि पाइपलाइन में कचरा फंसने की शिकायत मिली थी, जिसके बाद अलग-अलग स्थानों पर पाइपलाइन खोलकर सफाई का कार्य किया जा रहा है और जल्द व्यवस्था सामान्य करने का प्रयास जारी है।

जल विभाग के सभापति अखिलेश सोनकर ने बताया कि लो वोल्टेज के कारण कई मोटर पंप खराब हो गए थे, जिससे जल आपूर्ति प्रभावित हुई है। निगम की टीम सुधार कार्य में लगातार जुटी हुई है और जिन क्षेत्रों में अधिक समस्या है वहां टैंकर से पानी पहुंचाया जा रहा है। साथ ही कुछ स्थानों पर नाले के ऊपर से गुजर रही पाइपलाइन को शिफ्ट करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है, ताकि दूषित जल मिलने की संभावना समाप्त की जा सके।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

29° / 41°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़