हरियाणा
16 May, 2026

सीवरेज संकट से नाराज लोगों ने जींद-भिवानी मार्ग किया जाम

जींद की अजमेर बस्ती में सीवरेज समस्या से परेशान लोगों ने निकासी व्यवस्था ठप होने के विरोध में जींद-भिवानी मार्ग जाम कर समाधान की मांग की।

जींद, 16 मई।

सीवरेज समस्या से परेशान होकर शनिवार को अजमेर बस्ती के लोगों का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा और उन्होंने जींद-भिवानी मार्ग पर जाम लगाकर सीवरेज निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने तथा सीवर लाइन की मरम्मत की मांग उठाई।

जाम की सूचना मिलते ही शहर थाना प्रभारी दिनेश कुमार मौके पर पहुंचे और कॉलोनीवासियों से बातचीत कर समस्या के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया, लेकिन इसके बावजूद स्थानीय लोग अपनी मांगों पर अड़े रहे और साफ कहा कि जब तक समस्या का समाधान नहीं होगा, तब तक जाम नहीं खोला जाएगा।

प्रदर्शन कर रहे लोगों ने बताया कि कुछ वर्ष पूर्व रेलवे लाइन के नीचे से सीवरेज पानी की निकासी सुचारू रूप से होती थी, जिससे जलभराव की स्थिति नहीं बनती थी, लेकिन रेलवे द्वारा कराए गए कार्य के बाद यह निकासी व्यवस्था बाधित हो गई।

इसके चलते अब पूरा इलाका सीवरेज के पानी में डूबने लगा है और गंदा पानी घरों तक पहुंच रहा है, साथ ही सड़कों पर जलभराव और मच्छरों के बढ़ते प्रकोप से स्वास्थ्य समस्याएं भी गंभीर रूप ले रही हैं, जिससे बच्चे और बुजुर्ग अधिक प्रभावित हो रहे हैं।

लोगों ने नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि उनकी समस्या को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है और प्रशासन व रेलवे विभाग की लापरवाही के कारण उन्हें रोजाना परेशानी झेलनी पड़ रही है। जाम के कारण जींद-भिवानी मार्ग पर यातायात भी प्रभावित हुआ।

थाना प्रभारी ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया और आश्वासन दिया कि मामले को नगर परिषद और रेलवे विभाग के संज्ञान में लाकर जल्द बैठक कर समाधान किया जाएगा।

|
आज का राशिफल

शैक्षणिक कार्य आसानी से पूरे होते रहेंगे। स्वास्थ्य उत्तम रहेगा। परिश्रम प्रयास से काम बनाने की कोशिश लाभ देगी। व्यापार व व्यवसाय में ध्यान देने से सफलता मिलेगी। बुरी संगति से बचें। नौकरी में सावधानीपूर्वक कार्य करें। अपनों का सहयोग प्राप्त होगा। अर्थपक्ष मजबूत रहेगा। शुभांक-3-5-7

आज का मौसम

भोपाल

28° / 39°

Sunny

ट्रेंडिंग न्यूज़