बलौदाबाजार, 16 मई।
जिले में संचालित पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त भंडार उपलब्ध होने की जानकारी सामने आई है। कलेक्टर कुलदीप शर्मा के निर्देश पर ऑयल कंपनियों और खाद्य विभाग के अधिकारियों द्वारा लगातार पेट्रोल-डीजल पंपों का निरीक्षण एवं निगरानी की जा रही है।
इसी क्रम में जिले के कुल 116 पेट्रोल पंपों में से 111 पंपों पर 656 किलोलीटर पेट्रोल और 848 किलोलीटर डीजल सहित कुल 1504 किलोलीटर ईंधन स्टॉक उपलब्ध पाया गया है, जबकि 5 पेट्रोल-डीजल पंप ड्राई आउट की स्थिति में हैं। जिले में पेट्रोल की दैनिक औसत खपत 160 किलोलीटर तथा डीजल की औसत खपत 360 किलोलीटर दर्ज की गई है।
अधिकारियों के अनुसार ड्राई आउट हुए पंपों को जल्द ही ऑयल कंपनियों के डिपो से नियमित रूप से आपूर्ति की जा रही है और जिले में पेट्रोल-डीजल का पर्याप्त स्टॉक सुनिश्चित किया गया है। पिछले दो दिनों में प्रदेश में पंपों के ड्राई आउट की स्थिति को अफवाह और घबराहट के चलते आम जनता द्वारा बढ़ी हुई खपत का परिणाम बताया गया, जिससे अस्थायी कमी जैसी स्थिति उत्पन्न हुई।
कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने ऑयल कंपनियों के सेल्स अधिकारियों और खाद्य विभाग के अधिकारियों के साथ आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा की। इसमें कंपनियों ने बताया कि मांग के अनुसार लगातार आपूर्ति जारी है। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि उपभोक्ता मांग और खपत के अनुरूप 24 घंटे आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, जब तक स्थिति सामान्य नहीं हो जाती। साथ ही पेट्रोल-डीजल आपूर्ति संबंधी शिकायतों के लिए 9201899925 संपर्क केंद्र भी स्थापित किया गया है।













.jpg)
.jpg)